एसएसबी सीटीसी (सशत्र सीमा बल केंद्रीयकृत प्रशिक्षण केंद्र) से 112 नवांगुतक उप निरीक्षक (सीधी भर्ती) और आरक्षियों (बीआरटीसी) का बैच देश सेवा के लिए नियुक्त हो गया है। दीक्षांत परेड में देश सेवा की शपथ लेने के बाद उन्होंने सीटीसी का आखिरी कदम पार किया। उक्त नवागंतुक अधीनस्थ अधिकारी/जवान देश के विभिन्न स्थानों में तैनाती के लिए रवाना हो जाएंगे।
मंगलवार को सीटीसी के परेड ग्राउंड में दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। एसएसबी मुख्यालय की महानिरीक्षक (कार्मिक एवं प्रशिक्षण) रेणुका मिश्र पीओपी (पासिंग आउट परेड) की सलामी ली। इससे पूर्व उन्होंने सीटीसी के उप महानिरीक्षक उपेंद्र बलोदी के साथ परेड का निरीक्षण किया। उप कमांडेंट (प्रशिक्षण) ने प्रशिक्षुओं को शपथ दिलवाई। परेड कमांडर प्रशिक्षु अधिकारी निधि के नेतृत्व में प्रशिक्षुओं ने मार्च पास्ट किया।
इसके पश्चात मुख्य अतिथि श्रीमती मिश्र ने प्रशिक्षुओं को अवार्ड वितरित किए। इस मौके पर उन्होंने प्रशिक्षुओं की हौसलाअफजाई की। उन्होंने कहा कि देश सेवा के लिए योगदान देना सौभाग्य होता है। यहां से प्रशिक्षण के पश्चात वह मित्र राष्ट्रों नेपाल व भूटान की सीमा में तैनात हो जाएंगे।
यह क्षेत्र सामान्य नागरिको के लिए प्रतिबंध मुक्त हैं। इसलिए यहां चुनौतियां भी ज्यादा हैं। यहां का प्रबंधन अन्य सीमाओं से ज्यादा जटिल होता है। यहां ताकत से कम बुद्धि से ज्यादा काम करना पड़ता है। पुख्ता सूचना तंत्र से बिना किसी रोकटोक के असामाजिक तत्वों के मंसूबे नाकाम किए जा सकते हैं। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष बिपिन मैठानी भी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन उषा सजवाण ने किया।
अवार्ड प्राप्त करने वाले आरक्षी
ओवर ऑल बेस्ट व बेस्ट फायरर - पवन क्षेत्री
बेस्ट इन आउटडोर - शैलेंद्र दुबे
बेस्ट इन इनडोर - राजपाल चौहान
बेस्ट इन ड्रिल एंड टर्नआउट - नितिन
बेस्ट इन एंड्योरेंस - योगेंद्र
अवार्ड प्राप्त करने वाले उप निरीक्षक
ओवर ऑल बेस्ट व बेस्ट इनडोर - निधि
बेस्ट इन आउटडोर - राहुल नैन
बेस्ट इन ड्रिल एंड टर्नआउट - आदोसा कपासा
बेस्ट इन एंड्योरेंस - अमित कुमार
बेस्ट फायरर - अखिलेश यादव