नए साल में श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय देहरादून में कैंपस शुरू करने जा रहा है। शासन ने विश्वविद्यालय को तीन संकाय यानी कुल 16 विभाग चलाने की अनुमति दे दी है। इसमें कुल 64 शिक्षकों के पद भी नए साल में भरे जाएंगे।
श्रीदेव सुमन विवि के कुलपति डॉ. यूएस रावत ने बताया कि विवि के देहरादून परिसर की नए साल में शुरुआत की जाएगी। भाऊवाला में मिली जमीन पर विवि के परिसर का निर्माण शुरू होने के साथ ही किसी सरकारी या किराये की इमारत में विवि की पढ़ाई भी शुरू होने वाली है।
शासन ने हाल ही में विवि में तीन नए संकाय खोलने की अनुमति प्रदान की है। इसके तहत वाणिज्य एवं प्रबंधन, आर्ट एंड ह्यूमन रिसोर्सेज और साइंस के संकाय खोले जाएंगे। इसके अंतर्गत कुल 16 विभागों में ग्रेजूएशन और पोस्ट ग्रेजुएशन के कोर्स शुरू होंगे। उन्होंने बताया कि शासन ने 16 प्रोफेसर, 16 एसोसिएट प्रोफेसर और 32 असिस्टेंट प्रोफेसर के पदों को भी स्वीकृति दे दी है, जिन पर नए साल में भर्ती प्रक्रिया अमल में लाई जाएगी।
जल्द ही ग्रुप सी और ग्रुप डी की भर्तियों को भी शासन की हरी झंडी मिलने वाली है। यह भर्ती होने के साथ ही विवि स्थापित होने के बाद पहली बार परिसर में पढ़ाई शुरू होगी। बीएससी, बीकॉम जैसे कोर्सेज के लिए भटकने वाले युवाओं को इससे बड़ी राहत मिलेगी। इन सभी पदों पर यूजीसी के नियमों के हिसाब से भर्ती की जाएगी।