स्वतंत्रता दिवस के मौके पर देहरादून में आयोजित क्रॉस कंट्री में महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज और राजकीय प्राथमिक विद्यालय रायपुर के खिलाड़ियों ने अपना दबददबा बनाया।
अंडर-14 बालक वर्ग में टॉप-6 और ओपन वर्ग के टॉप-5 में स्पोर्ट्स कॉलेज के खिलाड़ियों ने कब्जा जमाया। वहीं बालिका अंडर-14 और ओपन वर्ग के पहले दो स्थानों पर राजकीय प्राथमिक विद्यालय रायपुर की छात्राओं ने बाजी मारी।
जिला खेल कार्यालय के तत्वावधान में बुधवार सुबह साढ़े 8 बजे अर्जुन अवॉर्डी पदम बहादुर मल्ल ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ की शुरुआत कराई। सबसे पहले अंडर-14 बालिका वर्ग की दौड़ हुई। करीब 6 किलोमीटर की दौड़ एस्लेहॉल चौक से शुरू होकर दिलाराम चौक से होते हुए वापस एस्लेहॉल चौक पर पहुंचकर समाप्त हुई।
11 मिनट में दौड़ पूरी की
इसमें राजकीय प्राथमिक विद्यालय रायपुर की संध्या ने 11 मिनट में दौड़ पूरी कर पहला स्थान हासिल किया। अंडर-14 बालक व बालिका ओपन वर्ग की करीब 8 किलोमीटर दौड़ एस्लेहॉल चौक से आरटीओ होते हुए वापस एस्लेहॉल पर समाप्त हुई। बालक वर्ग में स्पोर्ट्स कॉलेज के शुभम चौधरी 14.30 मिनट और राजकीय प्राथमिक विद्यालय रायपुर की रिंकी कुमारी ने बालिका ओपन में 17.30 मिनट में दौड़ पूरी कर पहला स्थान प्राप्त किया।
वहीं बालक ओपन वर्ग की करीब 14 किलोमीटर लंबी दौड़ दौड़ एस्लेहॉल चौक से राजपुर रोड, मसूरी डायवर्जन होते हुए वापस एस्लेहॉल पर आकर खत्म हुई। इसमें स्पोर्ट्स कॉलेज के नवीन परिहार ने 40.50 मिनट का समय लेकर पहला स्थान हासिल किया। समापन समारोह में अर्जुन अवॉर्डी पदम बहादुर मल्ल ने हर ग्रुप में टॉप-6 रहे विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया।
इस अवसर पर पूर्व अर्न्तराष्ट्रीय फुटबाल खिलाड़ी सीबी थापा, जिला खेल अधिकारी राजेश ममगांई, नवनीत सेठी, शबाली गुरुंग, सरस्वती, कुमार थापा, रंजीत थापा, गमाल सिंह रावत आदि उपस्थित थे।
टॉप-थ्री चैम्पियन
वर्ग-----------------प्रथम------------द्वितीय-----------तृतीय
अंडर-14 बालक------शुभम चौधरी-----सौरभ संगवाल---राहुल कुमार
अंडर- 14 बालिका---संध्या------------श्वेता-------------शीतल
ओपन बालक--------नवीन परिहार----पिंचू कुमार-------नीशु कुमार
ओपन बालिका-------रिंकी कुमारी-----विजया राणा------ममता भट्ट
बाइक से टकराने से बचे खिलाड़ी
क्रॉस कंट्री के दौरान राजपुर रोड पर अचानक ट्रैफिक खुलने के कारण दौड़ रहे खिलाड़ी एक बाइक से टकराने से बाल-बाल बचे। दरअसल दौड़ के लिए एस्लेहाल चौक से मसूरी डायवर्जन तक एक तरफ का रास्ता दौड़ के लिए आरक्षित किया गया था। शुरू में तो सब सही रहा, मगर बालक ओपन वर्ग की दौड़ शुरू होने के बाद बहल चौक से दिलाराम चौक तक दोनों ओर ट्रैफिक चलने लगा। इससे रूट पर दौड़ रहे खिलाड़ियों के सामने परेशानी खड़ी हो गई। काफी देर तक रूट पर यही स्थिति बनी रही।
फेसबुक पर अपनी राय देने के लिए यहां क्लिक करें