एसयूवी कार में बैठकर चालकों को सड़क पर बैठने और चलने वालों की जिंदगी बेहद छोटी नजर आ रही है। शनिवार देर रात करीब तीन बजे पुलिसकर्मियों पर कार चढ़ाने की घटना भी कुछ यही इशारा कर रही है। पुलिस पर जो कार चढ़ी है वह भी एसयूवी है।
दिवाली से एक दिन पहले डालनवाला थाना क्षेत्र के आराघर इलाके में तैनात पुलिस कर्मियों को एक कार सवार ने रौंद दिया। गनीमत रही कि तीनों की जान बच गई। हालांकि तीनों को गंभीर चोटें आई हैं। दो पुलिसकर्मियों के पैर टूट हैं। जबकि एक का कूल्हा टूटा है।
दून में यह पहली बार नहीं
ऐसे में पुलिस के सामने भी यह बड़ी चुनौती है कि इस तरह के लोगों को नियंत्रित कैसे किया जाए। दून में यह पहली बार नहीं है, जब इस तरह की घटना देखने को मिली है। इससे पहले भी इस तरह के हादसे हुए, यातायात नियमों को तोड़कर कार चलाने वालों ने लोगों को रौंद दिया।
एसएसपी अजय सिंह ने इस घटना का कड़ा संज्ञान लिया है। उनका कहना है कि यह घटना काफी संवेदनशील है। इसके नियंत्रण की दिशा में योजना बनाने के लिए सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिए गए हैं।