विधानसभा चुनाव से पहले सरकार गैरसैंण में दो दिवसीय विशेष सत्र बुलाने जा रही है। विशेष सत्र सितंबर के अंतिम या फिर अक्तूबर के पहले हफ्ते में होगा।
हालांकि अभी औपचारिक अधिसूचना जारी नहीं हुई है। सत्र के दौरान राज्य सरकार जीएसटी बिल पास करा सकती है, जिसे केंद्र सरकार पहले ही पारित कर चुकी है।
गैरसैंण में दो दिवसीय विशेष सत्र आहूत करने की पुष्टि विधानसभाध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल ने भी की है। बकौल कुंजवाल अभी सत्र को लेकर सरकार की ओर से कोई अनुरोध नहीं किया गया है। लेकिन, इस बात की पूरी संभावना है कि गैरसैंण का दो दिवसीय विशेष सत्र सितंबर के अंतिम या फिर अक्तूबर के पहले सप्ताह में होगा। सरकार सत्र के दौरान जीएसटी पास कराना चाहेगी।
वहीं सत्र के मद्देनजर सरकार के स्तर पर तैयारियां तेज कर दी हैं। सरकार के औद्योगिक सलाहकार रणजीत सिंह रावत ने अफसरों के साथ गैरसैंण में निर्माणाधीन विधानसभा का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों को जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। बता दें कि सरकार इससे पहले भी गैरसैंण और हरिद्वार के भगवानपुर में विशेष सत्र बुला चुकी है।