हर छोटे से छोटे स्वास्थ्य केंद्र तक योग्य एवं प्रशिक्षित नर्सों की पहुंच बनाने के लिए नर्सिंग काउंसिल ऑफ इंडिया की ओर से नया कोर्स लांच किया जाएगा। एक वर्ष के इस कोर्स के लिए नर्सिंग काउंसिल ने देशभर के विशेषज्ञों से फीडबैक मांगा है।
नर्सिंग काउंसिल की ओर से लांच किए जाने वाले इस कोर्स का पूरा ढांचा वेबसाइट पर अपलोड किया गया है। इसके तहत एक वर्षीय कोर्स में रजिस्टर्ड नर्स या रजिस्टर्ड मिडवाइफ दाखिला ले सकते हैं।
यह कोर्स कुल 52 सप्ताह का होगा, जिसमें थ्योरी और प्रैक्टिकल के 42 सप्ताह, इंटर्नशिप के चार सप्ताह, परीक्षा के दो सप्ताह, छुट्टियों के दो सप्ताह और पब्लिक हॉलीडे के दो सप्ताह शामिल हैं।
इस कोर्स की साल में एक बार परीक्षा होगी जो कि 800 अंकों की होगी। इनमें कुल 600 अंकों की थ्योरी और 200 अंकों का प्रैक्टिकल शामिल है। इस कोर्स में दाखिला प्रवेश परीक्षा के माध्यम से होगा।
न केवल सरकारी बल्कि प्राइवेट नर्सिंग कॉलेज भी इस कोर्स की मान्यता ले सकेंगे। अभी तक की नर्सिंग पढ़ाई के लिए एएनएम या जीएनएम करने के बाद आगे की पढ़ाई दो साल की होती थी। इस खास कोर्स में एक साल की पढ़ाई के साथ ही छात्रों की स्किल्स बढ़ाई जाएंगी।