स्पा सेंटर पर चेकिंग करती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला फाइल फोटो
मनमानी पर अड़े स्पा सेंटर अब फर्जीवाड़ा करने से भी बाज नहीं आ रहे। पुलिस को शिकायत मिली है कि यहां पर कई युवक-युवतियां ऐसे हैं, जिन्हें फिजियोथेरेपी की फर्जी डिग्री दी गई है। ऐसे में एसएसपी ने सभी स्पा सेंटरों पर सत्यापन के आदेश दिए हैं। सत्यापन में डिग्री फर्जी पाए जाने पर स्पा सेंटर संचालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
एसएसपी दलीप सिंह कुंवर ने बताया कि स्पा सेंटरों के लिए एक एसओपी जारी की गई थी। इसके अनुसार यहां पर काम करने के लिए युवक-युवतियों के पास कम से कम छह माह का फिजियोथेरेपी का डिप्लोमा होना चाहिए। इसको देखते हुए पिछले दिनों स्पा सेंटरों के खिलाफ अभियान चलाया गया था। इसमें 61 सेंटरों को बंद कराया गया था। जबकि, 32 के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई थी। इसके बाद इन्हें सख्त हिदायत दी गई थी कि जल्द से जल्द एसओपी के अनुसार कर्मचारियों की भर्ती करें।
अब शिकायत मिली है कि स्पा सेंटर संचालक फर्जी डिग्री के आधार पर लोगों को भर्ती कर रहे हैं। इसके लिए सभी थाना प्रभारियों को इनके सत्यापन के निर्देश दिए गए हैं। बता दें कि शहर के कई स्पा सेंटर पहले गलत कामों के चलते चर्चाओं में आ चुके हैं। यहां पर देह व्यापार भी पकड़ा गया है। लोग लगातार इनकी शिकायत पुलिस से कर रहे हैं। पुलिस की सख्ती को देखकर अब कुछ स्पा सेंटर संचालक भागने भी लगे हैं। कई मकान मालिकों ने भी पुलिस से शिकायत की है कि उन्होंने मकान का किराया भी नहीं दिया और अपना सारा सामान लेकर चंपत हो गए।