देहरादून से दिल्ली के लिए जल्द ही सीएनजी बसें भी फर्राटा भरती नजर आएंगी। सीएनजी बसों के संचालन को लेकर परिवहन निगम की ओर से सारी तैयारियां भी पूरी कर ली गई हैं। महाप्रबंधक दीपक जैन का कहना है कि सीएनजी बसों को जल्द ही सड़कों पर उतार दिया जाएगा।
परिवहन निगम की ओर से दिल्ली की इंद्रप्रस्थ कंपनी से सीएनजी बसें खरीदी गई हैं। इन सीएनजी बसों का परिवहन विभाग में पंजीकरण कराने के साथ ही सड़कों पर उतारने की तैयारी थी, लेकिन कोरोना संकट के चलते इनके संचालन पर फिलहाल रोक लगा दी गई थी।
अब परिवहन निगम प्रबंधन ने इन सभी सीएनजी बसों को संचालित करने का फैसला किया है। महाप्रबंधक दीपक जैन का कहना है कि सीएनजी बसों को इसी सप्ताह सड़कों पर उतार दिया जाएगा।
बता दें कि सीएनजी बसों के लिए सीएनजी की कमी न हो इसके लिए गैस अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (गेल) की ओर से ट्रांसपोर्ट नगर में स्टेशन भी स्थापित किया जा रहा है। जिसमें काफी हद तक काम पूरा किया जा चुका है। फिलहाल जब तक गेल की ओर से लगाए जा रहे सीएनजी स्टेशन को चालू नहीं किया जाता है, तब तक परिवहन निगम अन्य सीएनजी स्टेशनों से सीएनजी खरीद करेगा।
सीएनजी के साथ ही मिलेगा पेट्रोल-डीजल
परिवहन निगम प्रबंधन की ओर से ट्रांसपोर्ट नगर में जो पेट्रोल पंप स्थापित किया जा रहा है, उसमें सीएनजी के साथ ही डीजल और पेट्रोल की भी सुविधा रहेगी। इन पेट्रोल पंप पर परिवहन निगम की गाड़ियों को पेट्रोल, डीजल मुहैया कराने के साथ ही निजी वाहन स्वामियों को भी पेट्रोल डीजल की सुविधा मिलेगी।