शराब के नशे में धुत एक युवक ने अपने ही पिता और परिवार वालों के साथ ऐसा सुलूक किया जिसके बाद से पूरा परिवार सदमे में है। युवक ने अपने पिता और परिवार के सदस्यों को पीट दिया।
उसके बाद जान से मारने की धमकी देकर वह मौके से फरार हो गया। पुलिस ने पिता की तहरीर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। मुनिकीरेती पुलिस के मुताबिक व्यासी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लोढ़सी, बिलोगी निवासी विशुराम पुत्र पिगलूराम ने दी गई तहरीर में बताया कि बीते मंगलवार को उसका बेटा गोविंदराम नशे की हालत में घर आया और परिवार वालों से उलझना शुरू कर दिया।
समझाने पर उसने परिजनों से मारपीट कर दी। विशुराम ने बताया कि उसे और परिवार के सदस्यों को गोविंद ने नशे में जमकर पीटा। इसके बाद वह गाली-गलौच करते हुए व जान से मारने की धमकी देकर घर से फरार हो गया।
बुधवार को विशुराम की नामजद तहरीर पर पुलिस ने आरोपी गोविंद के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौच और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया। थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष उपाध्याय ने बताया कि आरोपी ने नशे की हालत में पिता और परिवार वालों से मारपीट की। बताया कि उसकी तलाश की जा रही है।