सुनसान मार्ग पर कुछ बदमाशों ने तीन बाइक सवारों को रोककर मारपीट की। विरोध करने पर एक युवक को चाकू मार दिया। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने लूट के इरादे से तीनों युवकों को रोका था। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
एसओ क्लेमेंटटाउन दीपक धारीवाल ने बताया कि घटना सात सितंबर की देर रात चर्च लेन पर हुई। तीन युवक मृदुल रावत, अमन भट्ट और एकलव्य निवासी गोकुलधाम बाइक से टर्नर रोड से आईएसबीटी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बस्ती के पास कुछ अज्ञात युवकों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। बाइक नहीं रोकी तो इन लोगों ने पत्थर और ईंट फेंक दी। इससे बाइक असंतुलित होकर वहीं गिर गई। हादसे में तीनों युवक चोटिल हो गए। विरोध किया तो बदमाशों ने उन पर चाकू और डंडों से हमला कर दिया। इसमें मृदुल रावत को चाकू लगा। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। मृदुल के सिर पर डंडे और ईंट से भी वार किया गया है। एसओ ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।