I
Iकई दिनों से दूसरे ठेकेदार के साथ काम पर जाने से नाराज था आरोपीI
प्रेमनगर में हुई मजदूर शंकर शर्मा की हत्या के आरोप में पुलिस ने ठेकेदार को गिरफ्तार कर लिया है। शंकर शर्मा बीते आठ साल से ठेकेदार के घर पर रहता था और उसी के साथ काम पर जाता था, लेकिन कुछ दिनों से वह दूसरे ठेकेदार के साथ जाने लगा। इसी को लेकर घटना की रात दोनों में बहस हुई और ठेकेदार ने शंकर शर्मा के सिर पर ईंट से वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। पुलिस आरोपी को मंगलवार को न्यायालय में पेश करेगी।
एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि परवल गांव के पूर्व प्रधान निजाम खान ने परवल रोड पर व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना दी थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो देखा कि व्यक्ति के सिर पर चोट के निशान थे। पास में खून से सनी एक ईंट भी पड़ी थी। मौके को देखकर यह बात साफ हो गई कि व्यक्ति की किसी ने हत्या की है। मृतक की पहचान शंकर शर्मा निवासी आवाजस विकास राजाजीपुरम, तालकटोरा, लखनऊ के रूप में हुई। शंकर शर्मा तेलपुरा में रहकर मजदूरी करता था। पुलिस ने शंकर के मौसेरे भाई अमित छेत्री की शिकायत पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। इस बीच पता चला कि शंकर को अंतिम बार ठेकेदार खुशीराम के साथ देखा गया था। पता चला कि शंकर खुशीराम के घर पर ही रहता था और उसी के साथ काम पर जाता था।
पुलिस ने खुशीराम को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने शंकर की हत्या की बात कबूल ली। उसने बताया कि शंकर के साथ उसकी पहले भी हाथापाई हुई है। कुछ समय से शंकर दूसरे ठेकेदार के साथ काम पर जा रहा था। इस बात से वह काफी नाराज था। घटना की रात खुशीराम ने आईएसबीटी के पास से देसी शराब के तीन पव्वे खरीदे। इसके बाद अपने चाचा के लड़के का स्कूटर लेकर शंकर के पास गया।
उसने शंकर को अपनी ससुराल गागलहेड़ी चलने की बात कही। शंकर उसके साथ चल दिया, लेकिन आशारोड़ी के पास सघन चेकिंग को देखकर वह वापस आ गया। दोनों ने परवल मार्ग पर बैठकर शराब पी। इस दौरान दोनों का झगड़ा हुआ और उसने ईंट उठाकर शंकर के सिर पर मार दी। अत्यधिक रक्तस्राव होने से शंकर की मौत हो गई। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल स्कूटर भी कब्जे में लिया है।