मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत त्योहारों का देश है। हमारी धार्मिक मान्यताएं हैं और तमाम ऐसे सामाजिक कार्य इस दौरान होते रहे हैं। लेकिन उसका स्वरूप परिस्थितियों के अनुसार हमने परिवर्तित किया है।
उन्होंने लोगों से प्रार्थना की कि वे सरकार के साथ मिल कर इस महामारी से लड़ने के लिए संकल्प लें ‘‘कोरोना को भगाना है और देश को जिताना है‘‘। कहा कि आप पूरी श्रद्धा से अपने घरों पर मां गंगा का स्मरण करके पवित्र भाव से स्नान करें। उसका पुण्य लाभ हम सबको मिलेगा। मुझे विश्वास है आप सब का आशीर्वाद एवं सहयोग हमें प्राप्त होगा।
कोरोना संक्रमण के मद्देनजर हरिद्वार में सोमवती अमावस्या के स्नान को स्थगित कर दिया गया है। पुलिस मुख्यालय ने लोगों से हरिद्वार नहीं आने की अपील की है। साथ ही सीमाओं पर चौकसी बढ़ाने के निर्देश जिला पुलिस को दिए गए हैं।
डीजी कानून व्यवस्था अशोक कुमार ने बताया कि गर्मियों की सोमवती अमावस्या पर हरिद्वार में 50 लाख से भी अधिक लोग हरिद्वार पहुंचते हैं। इसे देखते हुए ही शासन के निर्देश पर सोमवती अमावस्या के स्नान को स्थगित कर दिया गया है। साथ ही जनपद की सीमाओं को सील कर दिया गया है। सोमवार के बाद ही इनमें राहत दी जाएगी।