जीआईसी डाकपत्थर में बोर्ड परीक्षा ड्यूटी में तैनात एक पुलिस सिपाही को दिल का दौरा पड़ गया। आननफानन सिपाही को 108 एंबुलेंस सेवा से सीएचसी विकासनगर में भर्ती कराया गया।
जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे सिनर्जी अस्पताल में रेफर कर दिया गया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। एसएसपी अरुण मोहन जोशी, एसपी देहात परमेंद्र डोभाल, सीओ बीएस धोनी ने सिपाही के निधन पर शोक व्यक्त किया है।
जानकारी के अनुसार मूलरूप से सुमन क्यारी नैनबाग निवासी सिपाही राकेश कैंतूरा (35) की ड्यूटी इन दिनों बोर्ड ड्यूटी में डाकपत्थर स्थित जीआईसी में लगाई गई थी। वह 2005 आरआरबी बैच का सिपाही था। बोर्ड ड्यूटी के दौरान दोपहर को अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई।
इसके बाद सिपाही के साथ ड्यूटी में तैनात एक अन्य सिपाही ने घटना की जानकारी डाकपत्थर पुलिस चौकी को दी। इसके बाद सिपाही को अस्पताल में भर्ती कराया गया। एसएसआई गिरीश नेगी ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।