2/5 गोरखा राइफल्स ने 133वां स्थापना दिवस और 75वां वीसी दिवस धूमधाम से मनाया। इस दौरान स्वतंत्रता से पूर्व विक्टोरिया क्रास प्राप्त करने वाले सैनिकों को श्रद्धासुमन अर्पित करने के साथ ही उनके परिवारों और अन्य सैनिक परिवारों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
सोमवार को गुच्चूपानी पर्यटक स्थल के समीप आयोजित समारोह की शुरुआत स्वतंत्रता से पूर्व विक्टोरिया क्रॉस प्राप्त करने वाले बटालियन के तीन जवानों स्व. कैप्टन गजे घले, सूबेदार नेत्र बहादुर और कैप्टन अगन सिंह राई को श्रद्धांजलि के साथ हुई। इस दौरान केबी थापा ने बताया कि बटालियन का इतिहास गौरवमयी रहा है। स्वतंत्रता के बाद बटलियन को दो महावीर चक्र, तीन वीर चक्र, एक शौर्य चक्र, 14 सेना मेडल, 101 मेडल मिल चुके हैं। बटालियन की स्थापना आजादी से पहले 10 नवंबर 1886 को हुई थी।
इस दौरान अन्य स्थानों से आए और दूसरे बटालियन से कार्यक्रम में पधारे सैनिक परिवारों के साथ ही उत्कृष्ट सेवा करने वाले सैनिक परिवारों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। समारोह में दून के अलावा हिमाचल प्रदेश, शिलांग और नेपाल से पूर्व सैनिक और उनके परिवार शामिल हुए।
समारोह में बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर शशांक पांडे, सूबेदार मेजर हर्ष बहादुर राना, रिटायर कर्नल एनके पांडे, कैप्टन मोती कुमार, कैप्टन चंद्र बहादुर थापा, कैप्टन खेम बहादुर थापा, कैप्टन लक्ष्मण, कैप्टन राम बहादुर थापा, कैप्टन राजन तमांग, कैप्टन प्रेम सिंह क्षेत्री, सूबेदार अशोक थापा, सूबेदार अर्जुन थापा आदि लोग मौजूद थे।