सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय की ओर से की जा रही नई यूके 16 सीरीज के मनचाहे नंबरों की नीलामी जारी है। इस क्रम में सीरीज के वीआईपी नंबर 0001 की नीलामी पांच लाख पांच हजार व 0007 नंबर की नीलामी दो लाख 77 हजार में हुई है। अभी तक नीलामी के लिए चिह्नित किए गए कुल 40 में से 10 नंबर नीलाम किए जा चुके हैं।
नवरात्र के अवसर पर लोगों में नए वाहन खरीदने के प्रति उत्साह देखा जाता है। नया वाहन लेने वाले अधिकतर लोगों की यह इच्छा रहती है कि वे अपनी पसंद या उनके लिए लकी रहने वाला नंबर अपने वाहन के लिए पंजीकृत कराएं। इसी क्रम में सहायक संभागीय परिवहन विभाग की ओर से नीलामी की ऑनलाइन व ऑफलाइन प्रक्रिया जारी है।
एआरटीओ प्रशासन मनीष तिवारी ने बताया कि यदि कोई व्यक्ति वाहन के लिए नंबर को बुक कराता है तो उसके लिए एक से दो माह का समय भी विभाग के माध्यम से दिए जाने की व्यवस्था बनाई गई है।