देहरादून। राज्य में आगामी चुनाव को देखते हुए नेताओं का पाला बदल शुरू हो गया है। ऋषिकेश से पूर्व मेयर प्रत्याशी और समाजसेवी दिनेश चंद्र मास्टरजी ने शुक्रवार को अपने समर्थकों के साथ उत्तराखंड क्रांति दल की सदस्यता ग्रहण कर ली है। दल के केंद्रीय कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र कुकरेती ने उन्हें विधिवत सदस्यता दिलाई।
इस अवसर पर कुकरेती ने कहा कि मास्टरजी की सामाजिक सक्रियता और जनता में मजबूत पकड़ दल का जनाधार मजबूत करेगी। उन्होंने कहा कि जनता क्षेत्रीय नेतृत्व के पक्ष में खड़ी है, जो प्रदेश की राजनीति में बड़े बदलाव का संकेत है। वहीं, मास्टरजी ने कहा कि उत्तराखंड क्रांति दल प्रदेशहित, युवाओं के भविष्य, रोजगार, पलायन और भू-कानून जैसे मुद्दों पर संघर्ष कर रहा है, जबकि दूसरे दल जनता के असली मुद्दों से भटक गए हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने इसी विचारधारा से प्रभावित होकर दल में शामिल होने का निर्णय लिया। मास्टरजी ने बताया कि जल्द ही ऋषिकेश में एक बड़ा कार्यक्रम होगा, जिसमें उनके कई साथी दल की सदस्यता लेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि दल पूरे प्रदेश में एक मजबूत जनांदोलन के रूप में उभरेगा।