घर में चोरी कर रहे दो चोरों को परिजनों ने देख लिया। शोर मचाया तो दोनों भाग निकले। बाद में पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया तो एक चोर उनका ही पूर्व का नौकर निकला।
नौकर को चोरी करते हुए व्यापारी ने देखा तो वह सदमे में आ गए थे। बाद में उनकी उपचार के दौरान मौत हो गई थी। पलटन बाजार में व्यापारी हसंराज पुत्र मेहरचंद निवासी रेसकोर्स के भाई हरभजन के घर में कुछ साल पहले हिमांशु नौकरी करता था।
वह घर में अक्सर छोटी-मोटी चोरी किया करता। इससे परेशान होकर उसे परिजनों ने निकाल दिया था। इसके बाद उसकी दोस्ती मो. अली निवासी नवादा से हुई। दोनों ने हरभजन के घर में बड़ी चोरी करने का योजना बनाई।
23 जुलाई की देर रात दोनों घर पहुंचे और सामान समेटने लगे। इतने में हरभजन की नींद खुल गई। वह दूसरे कमरे में गए तो उनका आमना-सामना दोनों चोर से हो गया।
अचानक दोनों दिखने से उन्हें सदमा लग गया। बाद में उपचार के दौरान उन्होंने बताया कि एक चोर पूर्व में नौकरी करने वाला हिमांशु था। उनकी 26 जुलाई को मौत हो गई। सूचना पर लक्खीबाग पुलिस मौके पर पहुंची। उन्होंने 30 जुलाई को दोनों दबोच लिया।