केदारनाथ में शुक्रवार को दोपहर बाद कुछ देर हल्की बर्फबारी हुई, जिससे मंदिर परिसर व केदारपुरी ने पुन: सफेद चादर ओढ़ ली है। वासुकीताल व चोराबाड़ी क्षेत्र में देर शाम तक बर्फबारी होती रही। शुक्रवार को केदारनाथ में सुबह से मौसम साफ था।
इस दौरान चटक धूप खिली रही, जिस कारण यहां जमा बर्फ तेजी से पिघलने लगी, लेकिन दोपहर बाद तीन बजे से यहां मौसम ने करवट बदल ली और कुछ ही देर में हल्की बर्फबारी शुरू हो गई, जो करीब 40 मिनट तक रही। इसके बाद भी यहां घने बादल छाए रहे।
वुड स्टोन के टीम प्रभारी मनोज सेमवाल ने बताया कि धाम में मौसम खराब होने के कारण बीते एक सप्ताह से कड़ाके की ठंड पड़ रही है। साथ ही तापमान में दोपहर बाद से गिरावट आ रही है। उन्होंने बताया कि धाम में अधिकतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम माइनस पांच डिग्री रहा। ब्यूरो
राजधानी और आसपास के इलाकों में मौसम ने गुरुवार को अचानक करवट बदल ली। सुबह से हल्का कोहरा और बादल छाए रहने से मौसम में ठंडक रही। देर शाम बारिश शुरू हुई तो पारा गिर गया। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक आने वाले दिनों में ठंड जोर पकडे़गी।
दूसरी ओर चिकित्सा विशेषज्ञों का कहना है कि मौसम के बदले मिजाज से सावधान रहने की जरूरत है। दून अस्पताल के वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. केसी पंत ने बताया कि इस मौसम में एहतियात बरतें। सुबह शाम गर्म कपड़े पहनने के साथ ही बिना हेलमेट के मोटरसाइकिल न चलाएं। वरना ठंड लग सकती है। सिरदर्द भी हो सकता है। ठंड से पेट दर्द से भी जूझना पड़ सकता है। बुजुर्गों और बच्चों की खास देखभाल की जरूरत है।