केदारनाथ पहुंचे जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल ने बताया कि बीते अन्य दिनों की अपेक्षा शनिवार को केदारनाथ में ठंड अधिक महसूस की गई। बताया कि धाम के ऊपरी क्षेत्रों में हिमपात हुआ है।
जिला मुख्यालय रुद्रप्रयाग से केदारनाथ तक शनिवार तड़के से दिनभर रुक-रुककर हल्की बारिश होती रही। इस दौरान केदारनाथ यात्रा सुचारु रही, लेकिन हेलीकॉप्टर सेवा दिन में कई बार बाधित होने से यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
शुक्रवार देर रात्रि से मौसम का मिजाज बिगड़ने लगा था। बादलों की तेज गर्जना के साथ रात को कुछ देर हल्की बारिश हुई, लेकिन शनिवार तड़के से सुबह 7 बजे तक बारिश तेज रही। इसके बाद दिनभर रुक-रुककर बूंदाबांदी होती रही। उधर, केदारनाथ में भी मौसम का मिजाज बिगड़ा रहा।