उत्तराखंड में बदरीनाथ और केदारनाथ में हुई बर्फबारी के कारण अब ठंडक बढ़ने लगी है। उधर, कुमाऊं के कुछ क्षेत्रों में बूंदाबांदी होने की खबर है।
हालांकि देहरादून में गुरुवार को सुबह से ही धूप खिली रही। लेकिन कुमाऊं के कई इलाकों में बारिश होने से ठंड बढ़ गई है। उधर, बुधवार का दिन बादलों और कुछ जगहों पर हल्की बारिश के चलते ठंडक भरा रहा। सुबह से ही बादल और ठंडी हवाओं ने प्रदेशभर में तापमान गिरा दिया। राजधानी में एक दिन में तापमान में 4.3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।
गुरुवार को भी ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान लगाया गया था। केदारनाथ और बदरीनाथ की चोटियों पर बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में बारिश होने से ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। बदरीनाथ, हेमकुंड साहिब, रूद्रनाथ, लाल माटी सहित जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई।
गोपेश्वर में करीब पंद्रह मिनट तक ओलावृष्टि हुई। केदारनाथ की पहाड़ियों में बर्फबारी होने से धाम में तेज शीत हवाओं का प्रकोप बना रहा। गुप्तकाशी, ऊखीमठ आदि स्थानों पर दोपहर बाद हल्की बारिश हुई।