चमोली जिले में भी दिनभर मौसम खराब रहा। बदरीनाथ, हेमकुंड साहिब, फूलों की घाटी, गौरसों बुग्याल, रुद्रनाथ, लाल माटी, नंदा घुंघटी के साथ ही ऊंचाई वाले क्षेत्रों में दिनभर रुक-रुककर बर्फबारी हुई।
बदरीनाथ में हो रही बर्फबारी से हनुमान चट्टी से बदरीनाथ तक हाईवे से बर्फ हटाने का कार्य भी थम गया है। जिले के निचले क्षेत्रों में आसमान में बादल छाए रहे। मार्च माह में भी हो रही बर्फबारी से ऊंचाई वाले क्षेत्रों में धान और आलू की फसल पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है।
आंधी से बदरीनाथ हाईवे पर मारवाड़ी के समीप एक सूखा पेड़ वहां खड़ी कार के ऊपर जा गिरा। गनीमत रही कि उस दौरान कार में कोई सवार नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया। पुलिस की मदद से पेड़ को हाईवे से हटाया गया। पेड़ गिरने से कार क्षतिग्रस्त हो गई है। थाना प्रभारी जयपाल सिंह नेगी ने बताया कि कार के ऊपर से पेड़ को हटा दिया गया है और बदरीनाथ हाईवे पूरी तरह से सुचारु है।