गुरुवार को देवभूमि की वादियां बारिश और बर्फबारी से सराबोर हो गईं। वहीं मौसम विभाग ने भी राज्य के कुछ इलाकों में गर्मी से राहत मिलने की भविष्यवाणी कर दी है।
गुरुवार को चमोली जिले की ऊंची पहाड़ियों में बारिश और बर्फबारी हुई। केदारनाथ, बदरीनाथ, हेमकुंड साहिब, रुद्रनाथ, नंदा और घूंघटी सहित ऊंचाई वाले स्थानों में बर्फबारी हुई। जबकि निचले क्षेत्रों में शाम तक बारिश होती रही। बारिश से गढ़वाल के अधिकांश जंगलों में लगी आग बुझ गई।
पिथौरागढ़ जिले में मौसम के मिजाज ने करवट ले ली है। उच्च हिमालयी इलाकों में बर्फबारी हुई। जबकि निचले इलाकों में बादल छाए रहे और हल्की बारिश हुई। मौसम का मिजाज बदलने से तापमान में गिरावट आ गई है। बृहस्पतिवार सुबह तक मौसम खुला था। शाम के वक्त मौसम ने करवट ली। मुनस्यारी की ऊंची चोटियों पंचाचूली, हंसलिंग, राजरंभा, छिपलाकेदार में बर्फबारी हुई। मुनस्यारी और निचले इलाकों में बादल छाए रहे और बारिश हुई। देर शाम पिथौरागढ़ में भी मौसम खराब हो गया। देर शाम गरज-चमक के साथ बादलों की गड़गड़ाहट हुई और तेज हवाएं चलने लगी। अस्कोट, डीडीहाट, गंगोलीहाट में हल्की बारिश हुई।