देहरादून। छात्रों को स्मैक बेचने वाले तस्कर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास 5.30 ग्राम स्मैक बरामद हुई है। वह बरेली से स्मैक लाकर दून में बेचता था।
राजपुर थाना क्षेत्र में स्थित शिक्षण संस्थानों में पढ़ रहे छात्रों को स्मैक बेचने की शिकायत पुलिस को लगातार मिल रही थी। इस पर पुलिस कप्तान डीआईजी अरुण मोहन जोशी ने तस्करों को पकड़ के निर्देश दिए थे। राजपुर थानाध्यक्ष अशोक राठौर को सूचना मिली थी कि एक युवक क्षेत्र में स्मैक बेचने पहुंच सकता है। इस पर राजपुर थानाध्यक्ष ने धोरणखास पुल के पास स्कूटी सवार तस्कर को घेराबंदी कर पकड़ लिया। स्मैक और स्कूटी को कब्जे में लेकर तस्कर को गिरफ्तार किया गया। तस्कर की पहचान पवन शर्मा (24) पुत्र राजकुमार शर्मा रुद्रपुर, जिला ऊधमसिंह नगर के रूप में हुई। पवन देहरादून में राजीव नगर कंडोली, थाना रायपुर में किराए के मकान में रहता है। पवन ने बताया कि वह 10 कक्षा पढ़ा है। उसके पिता देहरादून में इलेक्ट्रिशियन हैं। वह भी पिता के साथ काम करता था। कम पैसा मिलने के कारण करीब दो वर्ष से स्मैक की तस्करी में लग गया था। तब से थोड़ी-थोड़ी मात्रा में बरेली से स्मैक लाकर छात्रों व नवयुवकों को मोटे दाम पर बेचता था। रविवार को आरोपी तस्कर को ड्यूटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेशकर जेल भेज दिया गया।