चरस तस्करी के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से दो किलो चरस बरामद हुई है। इसे वह सहारनपुर से खरीदकर लाया था। आरोपी को न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया है।
शहर कोतवाल राकेश गुसाईं ने बताया कि मंगलवार रात फालतू लाइन क्षेत्र में गश्त के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति पैदल आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने को कहा तो वह वापस भागने लगा, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम दिलाशाद निवासी मिर्जापुर, सहारनपुर बताया। उसके पास मिले बैग की तलाशी लेने पर दो किलो चरस बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी खुद भी नशे का आदी है और बेरोजगार है। रुपये की जरूरत होने पर वह चरस लेकर दून में बेचने पहुंचा था।