विकासनगर। सहसपुर थाना पुलिस ने एक तस्कर को 6.08 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया। जानकारी के अनुसार 20 मार्च को पुलिस क्षेत्र में गश्त कर रही थी। उन्होंने सहसपुर-सभावाला मार्ग पर बंगाली बस्ती की ओर से एक व्यक्ति को आते हुए देखा। पुलिस को देख वह भागने लगा। लेकिन, पुलिस ने पीछा कर व्यक्ति को पकड़ लिया। पुलिस ने व्यक्ति की तलाशी ली तो उसके पास से 6.08 ग्राम स्मैक मिली। व्यक्ति ने अपना नाम बड़ा रामपुर निवासी वहीद बताया। उसने पुलिस पूछताछ में बताया कि वह बड़ा रामपुर से जैतून नाम की महिला से स्मैक खरीदकर लाया है। बताया कि 16 मार्च को भी वह स्मैक बेचने जा रहा था। तब, उसके साथी सहबाज को पुलिस ने पकड़ लिया था। लेकिन, वह फरार हो गया था। संवाद