विकासनगर। सहसपुर कोतवाली क्षेत्र के केदारावाला निवासी आदर्श को पुलिस ने शनिवार को 7.85 ग्राम स्मैक और 9,870 रुपये की नकदी के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत दो लाख रुपये है। कोतवाली प्रभारी मनोज नौटियाल ने बताया कि ऑपरेशन प्रहार के तहत नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस टीम ने केदारावाला स्थित काली मंदिर के पास चेकिंग के दौरान आरोपी को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास से स्मैक और नकदी बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि जल्दी पैसा कमाने के लालच में वह नशा तस्करी करने लगा था। वह स्मैक को छोटी-छोटी मात्रा स्थानीय लोगों को ऊंचे दाम पर बेचकर मुनाफा कमाने की फिराक में था। पुलिस स्मैक खरीदने के स्रोत का पता लगा रही है। संवाद