न्यायिक मजिस्ट्रेट विकासनगर विकास कुमार की अदालत ने ब्रांडेड कंपनियों की नकली दवा बनाने वाले बिहार के मधुबनी जिले के एसवी फायल कंपनी के मालिक विजय कुमार पांडेय की जमानत याचिका शुक्रवार को खारिज कर दी। 21 अगस्त को पुलिस ने आरोपी को हिमाचल प्रदेश के बद्दी के नालागढ़ से गिरफ्तार किया था।
एक जून को एसटीएफ ने सेलाकुई के बायांखाला से प्रतिष्ठित दवाई कंपनियों के नकली रेपर, नकली आउटर बाॅक्स, लेबल और क्यूआर कोड के साथ बिहार के छपरा जिले के कोपा थाना क्षेत्र निवासी संतोष कुमार को गिरफ्तार किया था। मौके से एसटीएफ ने दवा कंपनियों के 658 और शराब की कंपनियों के 386 स्टीकर और क्यूआर कोड बरामद किए थे। पुलिस ने गिरोह में शामिल पांच आरोपी नवीन बंसल, आदित्य काला, देवी दयाल गुप्ता व पंकज शर्मा को भी गिरफ्तार किया था। सभी आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। नकली रेपर, नकली आउटर बाॅक्स, लेबल एवं क्यूआर कोड छपवाने वाले के रूप में विजय कुमार पांडेय का नाम सामने आया था। एसटीएफ ने आरोपी को हिमाचल प्रदेश के बद्दी से गिरफ्तार किया था। विजय कुमार पांडेय ने न्यायालय में जमानत की अर्जी दाखिल की थी। प्रार्थनापत्र में कहा था कि उसने अपराध नहीं किया है। उसने झूठे और इलेक्ट्रॉनिक दस्तावेज की कूटरचना नहीं की। वह गिरोह में अकेले या साथ में कार्य नहीं कर रहा है। उसका कोई आपराधिक इतिहास नहीं है। वह निर्दोष है। न्यायिक मजिस्ट्रेट विकासनगर विकास कुमार की अदालत ने अपराध की गंभीरता और प्रकृति को देखते हुए आरोपी की जमानत याचिका को खारिज कर दिया।