सड़कों पर छोटे-छोटे गड्ढों से बाइक चलाने वालों की शामत आ रही है। गड्ढों के झटकों के कारण लोगों को स्लिप डिस्क हो रहा है।
इनमें अधिकांश युवा हैं, वे दर्द के मारे बूढ़ों की तरह कमर झुकाए अस्पताल आ रहे हैं। साढे़ पांच फुट से लंबे लोगों की कमर में कुछ ज्यादा तकलीफ होती है।
प्रतिदिन औसत 18 रोगी
दून अस्पताल के अस्थि रोग विभाग की ओपीडी में प्रतिदिन औसत 18 रोगी आ रहे हैं, जिन्हें सड़क के गड्ढों की वजह से कमर दर्द की शिकायत होती है। डॉक्टरों का कहना है कि ओपीडी में साठ फीसदी रोगी कमर दर्द के होते हैं। इनमें 15 फीसदी स्लिप डिस्क के होते हैं, जिसकी वजह सड़क के गड्ढों के झटके होते हैं।
गड्ढों के कारण कमर दर्द की चपेट में आए अधिकांश रोगियों का आयु वर्ग 20 से 30 साल है।
उन्हें स्लिप डिस्क की दिक्कत हो गई है। दून अस्पताल के वरिष्ठ अस्थि रोग विशेषज्ञ डा. एसके गुप्ता ने बताया कि गड्ढों के झटके के असर से रीढ़ के आसपास की मांसपेशियां ऐठने लगती हैं। युवा पहले ध्यान नहीं देते।
बाद में स्लिप डिस्क और साइटिका की दिक्कत हो जाती है। उन्होंने बताया कि लंबे आदमी को अधिक दिक्कत होती है। लंबाई के कारण कमर पर प्रेशर अधिक आता है। इस प्रेशर के कारण डिस्क और अधिक दबने लगती है।
ऐसे होती है दिक्कत
रीढ़ की दो गुरियों के बीच कुशन होता है जिसे डिस्क कहते हैं। यह शॉक एब्जॉर्वर का काम करता है। लगातार झटके से यह दो गुरियों के बीच दबने लगता है जिसे स्लिप डिस्क कहते हैं। इससे कमर दर्द, पैर में झनझनाहट होने लगती है। साइटिका का दर्द भी उठ सकता है।
ऐसे करें बचाव
गड्ढों को बचाकर बाइक चलाएं
एक रफ्तार में बाइक चलाएं
हैंडल लहराकर बाइक मत चलाएं
नॉर्मल तरीके से सीट पर बैठें
आड़े-तिरछे होकर बाइक न चलाएं
तेज बाइक चलाने के शौक ने दिया दर्द
दिल्ली से इंजीनियरिंग पढ़ने शहर आए प्रेम शंकर (21) को तेज बाइक चलाने का शौक था। गड्ढों में झटका लगा। पहले हल्का सा कमर दर्द उठा। फिर बाएं पैर में तेज झनझनाहट होने लगी। असहनीय दर्द होने लगा। जांच में स्लिप डिस्क निकली है। फिलहाल, डॉक्टर ने कंप्लीट बेड रेस्ट बताया है।
विकासनगर के असलम सिद्दीकी (25) गड्ढों में लहराकर बाइक चलाने के शौकीन रहे हैं। एक दिन सहारनपुर रोड के गड्ढे में तेज झटका लगा। रात में कमर दर्द असहनीय हो गया। उनकी एक निजी अस्पताल में जांच हुई है। न्यूरो सर्जन ने उन्हें सर्जरी की सलाह दी है।
फेसबुक पर अपनी राय देने के लिए यहां क्लिक करें