पांच फरवरी से उत्तराखंड की प्रसिद्ध हिमक्रीड़ा स्थली औली में होने जा रहे पांच दिवसीय राष्ट्रीय जूनियर स्कीइंग खेलों की तैयारियां शुरू हो गई हैं। यहां कृत्रिम बर्फ बनाने वाली स्नोगन, स्नोबूमर मशीनों से कृत्रिम बर्फ बनाने का कार्य शुरू हो गया है।
इस काम में लगे दो विदेशी इंजीनियरों का कहना है कि रात को डेढ़ से पांच बजे तक 0-2 से एक डिग्री तक तापमान में कृत्रिम बर्फ बनाने का काम किया जा रहा है।
स्नोगन का हो रहा इस्तेमाल
वर्ष 2011 में औली में सैफ गेम्स हुए थे। इस दौरान यहां कृत्रिम बर्फ बनाने के लिए औली स्लोप पर जगह-जगह स्नोगन लगाई गई थी, लेकिन गेम्स खत्म होने के बाद मशीनों को उपयोग नहीं हो पाया।
अब दो वर्ष बाद पुन: औली में स्नोगनों का इस्तेमाल किया जा रहा है। यहां तक कि मशीनों को ऑपरेट करने के लिए भी विदेश से दो इंजीनियर यहां पहुंचे हैं।
दो फरवरी को होगी बैठक
एसडीएम एपी वाजपेयी ने बताया कि राष्ट्रीय खेलों के आयोजन को सफल बनाने के लिए जिलाधिकारी एसए मुरुगेशन दो फरवरी को औली में आईटीबीपी, पर्यटन विभाग, जीएमवीएन, खेल समिति और सीनियर वर्ग के खिलाड़ियों की बैठक लेंगे।