रायवाला पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में गांजा तस्करी के आरोप में एक महिला सहित छह व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से 68 किलो से अधिक गांजा बरामद हुआ है। आरोपियों की कार में किसान यूनियन का बोर्ड लगा था। पुलिस ने सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया। एसएसपी ने गैंग के अन्य सदस्यों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं।
प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि बुधवार दोपहर को नियमित चेकिंग के दौरान हरिद्वार हाईवे पर बिना नंबर प्लेट की एक कार रुकने का इशारा किया। पुलिस को सामने खड़ा देखकार चालक हरिद्वार की ओर भागने का प्रयास करने लगा। कार में चार पुरुषों के साथ एक महिला सवार थी। चेकिंग के दौरान पुलिस ने कार से 58 किलो ग्राम गांजा बरामद किया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि गांजा मुजफ्फरनगर के आमिर से 10 हजार रुपये प्रति किलो की दर से खरीदकर ला रहे हैं। जिसके बाद इसकी छोटी-छोटी पुड़िया तैयार की जाती हैं। हरकीपैडी, ऋषिकेश, मुनी की रेती, रायवाला आदि क्षेत्रों में छात्रों, स्थानीय युवाओं और साधुओं को 25 हजार से 30 हजार रुपये प्रति किलो के हिसाब से बेचते हैं।
आरोपियों ने बताया कि जिस कार को तस्करी में प्रयोग कर रहे हैं वह गांजा बेचकर हुए मुनाफे से खरीदी है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान दीपक कुमार निवासी लाल कोठी लालजी वाला हरिद्वार, सुनील आर्य निवासी खड़खड़ी थाना कोतवाली हरिद्वार, इस्तकार निवासी ग्राम एथल थाना पथरी हरिद्वार, रियाज निवासी ग्राम एथल थाना पथरी हरिद्वार, पूजा देवी निवासी लालजीवाला हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयोग की जाने वाली कार को सीज कर दिया है।
वहीं एक दूसरे मामले में पुलिस ने 10.094 किलो गांजे का साथ किफायतुल्लाह निवासी मन्सारहेडी पो. बसेडा मुज्जफरनगर को छिद्दरवाला चेक पोस्ट के पास से गिरफ्तार किया है। जिसके पास से पुलिस ने 10.094 किलो ग्राम गांजा बरामद किया है। किफायतुल्लाह पहले से ही एनडीपीएस के एक मामले में फरार चल रहा था।