जिले के विभिन्न स्थानों पर सोमवार सुबह मूसलाधार बारिश हुई। बारिश के चलते कौलाग गांव में एक जबकि गरुड़ में पांच मकान क्षतिग्रस्त हो गए। इसके अलावा मलबे में दबने से एक बछड़े की मौत हो गई।
पटवारी ने घटना स्थल का दौरा कर क्षति की रिपोर्ट तहसीलदार को सौंप दी है। कपकोट और गरुड़ क्षेत्र में अधिक बारिश से सरयू और गोमती नदियों का जलस्तर बढ़ गया। वहीं बारिश के चलते लोगों को गर्मी से राहत मिली।
लंबे समय बाद मौसम ने आखिर सोमवार सुबह पलटी मारी। रविवार की रात से ही बादल घिरने शुरू हो गए थे। सोमवार सुबह करीब पांच बजे जिले के कुछ स्थानों पर जमकर बादल बरसे। कपकोट में सर्वाधिक 25 एमएम बारिश हुई।