देहरादून। छात्रवृत्ति घोटाले में हरिद्वार में व्यापक कार्रवाई के बाद एसआईटी अब देहरादून के शिक्षण संस्थानों पर शिकंजा कसने की तैयारी में है। शिक्षण संस्थान छोड़ चुके सैकड़ों छात्र-छात्राओं के बयान दर्ज किए जा चुके हैं। इनसे घोटाले की पुष्टि हुई है। इस सप्ताह शिक्षण संस्थानों से जुड़े कई लोगों की गिरफ्तारी तय मानी जा रही है।
बता दें, छात्रवृत्ति घोटाले में एसआईटी हरिद्वार में बड़ी कार्रवाई कर चुकी है। पूर्व समाज कल्याण अधिकारी अनुराग शंखधर के साथ शिक्षण संस्थानों के 12 पदाधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई हो चुकी है। देहरादून में अभी तक किसी संस्थान के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई है। दरअसल हरिद्वार जैसी धांधली देहरादून में नहीं हुई है। जांच के दायरे में आए आठ शिक्षण संस्थानों के अधिकांश छात्र काफी समय पहले अलविदा ले चुके हैं। ऐसे में एसआईटी को उन्हें ढूंढने में काफी मशक्कत करनी पड़ी है। एसआईटी सूत्रों का कहना है कि विवेचना में कई चौंकाने वाले तथ्य आए हैं। इनके आधार पर इसी सप्ताह कुछ शिक्षण संस्थानों पर कार्रवाई हो सकती है।