रक्षाबंधन के दिन अपने भाई को राखी बांधने जा रही एक बहन की रविवार दोपहर सड़क हादसे में मौत हो गई। जबकि महिला के पड़ोसी दंपति घायल हैं । उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है।
पुलिस के अनुसार लक्सर क्षेत्र के भोगपुर गांव निवासी रवि अपनी पत्नी उमा देवी को साथ लेकर राखी बंधवाने के लिए अपनी ससुराल जा रहा था। बताया गया कि पड़ोस में रहने वाली ममता रानी (40) पत्नी मनवीर भी उनके साथ बाइक पर सवार हो गई। ये पड़ोसी होने के साथ ही रिश्तेदार भी हैं। तय हुआ था कि वह ममता को जाते समय उसके मायके छोड़ देंगे और वापस आते समय साथ ले आएंगे।
जैसे ही वे पथरी थाना क्षेत्र के ग्राम पदार्था के पास पहुंचे तो हरिद्वार की ओर से आ रहे एक डंपर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इससे पीछे बैठी ममता देवी छिटक कर नीचे गिर गई और डंपर की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बाइक सवार रवि और उसकी पत्नी भी गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। सूचना पाकर पथरी थानाध्यक्ष आशुतोष चौहान सहकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे तथा ममता के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। थानाध्यक्ष ने बताया कि चालक दुर्घटना के बाद डंपर को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। हादसे के बाद मृतका के ससुराल और मायके दोनों ही परिवारों में कोहराम मच गया।