उत्तरकाशी जनपद के अपर यमुना वन प्रभाग के तहत नगर के आसपास पहली बार सिरकीर मालकोह पक्षी देखा गया है। वन विभाग ने इस पक्षी की तस्वीरें कैमरे में कैद की हैं। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि इस प्रकार के पक्षियों का नगर क्षेत्र के आसपास दिखना पारिस्थितिक तंत्र के लिए सुखद खबर है। इनके संरक्षण के लिए कार्य किया जाएगा।
वन क्षेत्राधिकारी रवांई शेखर सिंह राणा ने बताया कि सिरकीर मालकोह उत्तराखंड के विभिन्न मैदानी जिलों में मिलने वाली लंबी पूंछ वाली, जैतून-भूरे रंग की चिड़िया है। अनोखी घुमावदार लाल चोंच होना इसका आकर्षण है। यह विशेष रूप से शुष्क झाड़ीदार वन और लगभग 3280 फीट की ऊंचाई से नीचे के खुले वनभूमि आवासों में मिलता है लेकिन बड़कोट में दिखना दुर्लभ और शोध का विषय है।