डीएवी कॉलेज में चर्चित गालीकांड मामले में गायक मासूम शर्मा की मुश्किलें बढ़ती जा रहीं हैं। दून पुलिस ने इस मामले में सख्त रुख अपनाते हुए अब उनके खिलाफ आपराधिक धमकी का मामला भी दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान मंच से अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने के साथ-साथ धमकी भरे शब्दों के इस्तेमाल के आरोप भी सामने आए हैं। इसी आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस के पास लगातार शिकायतें पहुंचीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए दून पुलिस ने पहले नोटिस जारी किया था और अब जांच को आगे बढ़ाते हुए प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी सबूतों और शिकायतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वीडियो वायरल होने के बाद मासूम शर्मा ने सार्वजनिक रूप से माफी जरूर मांगी थी लेकिन पुलिस जांच और शिकायतों के चलते मामला अब और गंभीर हो गया है।