सिलक्यारा टनल में मजदूर मौत मामले की मजिस्टीरियल जांच के आदेश
सिलक्यारा टनल में हुए हादसे में डीएम ने 15 दिनों के भीतर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। जांच में हादसे के कारणों, सुरक्षा मानकों के पालन और भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक उपायों का परीक्षण किया जाएगा।बुधवार देर रात निर्माणाधीन सिल्क्यारा टनल में कंकरीट का बड़ा स्लैब गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई थी। मृतक की पहचान झारखंड के बोकारो निवासी नरेश गंजु के रूप में हुई। हादसे के बाद साथी श्रमिकों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए काम बंद कर दिया था और मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने व सुरक्षा उपाय मजबूत करने की मांग उठाई।
ये भी पढें...Dehradun: राहुल गांधी बोले-रेस्टोरेंट जैसा देश में पेपर लीक का मेन्यू कार्ड, मंच पर रो पड़े रिया थापा के पिता
घटना के बाद एसडीएम बड़कोट ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने एनएचआईडीसीएल के अधिकारियों, कंपनी कर्मचारियों और श्रमिकों से जानकारी जुटाई। कंपनी प्रबंधन ने बताया कि हादसे की सूचना मृतक के परिजनों को दी गई जिसके बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों और अधिकारियों को जांच अधिकारी को आवश्यक जानकारी व सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि समय सीमा के भीतर जांच पूरी की जा सके।