सुनसान पड़ा हरिद्वार का रेलवे स्टेशन ।
- फोटो : HARIDWAR
रेलवे ट्रैक के दोहरीकरण के काम के चलते ट्रेनों के संचालन बंद होने की मार यात्रियों पर पड़ रही है। दिल्ली रूट की यात्री तो बसों से सफर कर ले रहे हैं, लेकिन लंबी दूरी तय करने वाले यात्रियों के सामने मुश्किलें खड़ी हो गई है। ट्रेनों का संचालन न होने से रेलवे स्टेशन परिसर में तो सुनसान पड़ा है, लेकिन रोडवेज परिसर यात्रियों से खचाखच भरा है।
हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर 67 ट्रेनों का आवागमन एवं स्टोपेज होता है, लेकिन बीते रविवार से लक्सर-देहरादून के बीच रेलवे ट्रैक के दोहरीकरण के चलते बृहस्पतिवार को हरिद्वार रेलवे स्टेशन से सुबह तड़के केवल एक ट्रेन का ही संचालन हो सका। इसमें उत्कल एक्सप्रेस सुबह 6.45 बजे अपने गंतव्य को रवाना हुई। इसके बाद दोपहर में केवल हरिद्वार रेलवे स्टेशन से ही ऋषिकेश के लिए एक पैसेंजर ट्रेन रवाना हुई। इसके बाद पूरे दिन अन्य कोई ट्रेन स्टेशन से रवाना नहीं हुई। ऐसे में यात्रियों ने भी स्टेशन पर जाना मुनासिब नहीं समझा। ऐसे में रेलवे स्टेशन परिसर पर सन्नाटा पसरा रहा। यात्रियों के न पहुंचने पर वेंडर भी परिसर से गायब रहे। अब यात्रियों के पास सफर के लिए एकमात्र बसों का सहारा रह गया है। यहीं वजह है कि रोडवेज परिसर में यात्रियों की बेतहाशा भीड़ दिखाई दी। रोडवेज परिसर में यात्रियों को लंबी दूरी की बसों के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। यहां भी हरिद्वार से दिल्ली, गुड़गांव के लिए तो बसें सुलभ तरीके से मिल जा रही है, लेकिन राजस्थान, मध्य प्रदेश के लिए नाममात्र की बसें होने के चलते यात्रियाें को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। भरतपुर के यात्री नैन सिंह ने बताया कि दो दिन पूर्व हरिद्वार में गंगा स्नान के लिए आए थे। यहां पूजा अर्चना कराई, लेकिन जाने के लिए बुधवार देर शाम रोडवेज बस अड्डे में आए तो बृहस्पतिवार की शाम की बस बताई। ऐसे में यहां बैठे बसों का इंतजार करना पड़ रहा है।
रोडवेज में सुरक्षा के नाम पर कुछ नहीं
ट्रेनों के संचालन न होने से रोडवेज परिसर में उमड़ी यात्रियों की भीड़ के बावजूद सुरक्षा के नाम पर यहां कोई व्यवस्था नहीं की गई है। जहां यात्रियों को जगह मिली, वही पर बैठने और लौटने को मजबूर रहे। ऐसे में किसी पुलिसकर्मी का न होने या सुरक्षा एजेंसियों की ओर से कोई विशेष इंतजाम न किए जाने से यात्रियों के साथ चोरी या कोई अन्य घटना होने से इंकार नहीं किया जा सकता।
जितनी भी बसें हैं, उनका संचालन कराया जा जा रहा है। यात्रियों के लिए पानी आदि की व्यवस्था की हुई है। सुरक्षा के लिए यात्रियों को सचेत किया जा रहा है।
- प्रतीक जैन, सहायक महाप्रबंधक रोडवेज।
बस अड्डे पर मौजूद यात्रियों की भीड़ ।- फोटो : HARIDWAR