उत्तराखंड सीएम हरीश रावत ने बीजापुर गेस्ट हाउस में ‘शुभ बदरीनाथ यात्रा’ मोबाइल एप का शुभारंभ किया। जहां यह एप यात्रियों की लोकेशन पर नजर रखने में मददगार होगी वहीं इस एप के जरिये यात्रियों को तमाम जानकारियां मिनटों में मिल जाएंगी।
सीएम ने कहा कि प्रोफेशनल विशेषज्ञों का सहयोग लेकर इसे और अधिक उपयोगी बनाया जा सकता है। पायलट प्रोजेक्ट के तौर शुरू हुई एप को चारों धाम और फिर अन्य प्रमुख पर्यटन स्थलों तक भी विस्तारित किया जा सकता है। कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में यह इंटरनेट सेटेलाइट के माध्यम से ही संभव है।
इसके लिए केंद्र सरकार से बात की जा रही है। गढ़वाल मंडलायुक्त चंद्र सिंह नपलच्याल ने बताया कि एंड्राइड आधारित इस मोबाइल एप को चमोली जिला प्रशासन की ओर से बनाया गया है।
इसमें जोशीमठ से बदरीनाथ तक की यात्रा से संबंधित सारी जानकारी उपलब्ध है। एटीएम, पेट्रोल पंप, होटल, रेस्टोरेंट, पेयजल, शौचालय, पार्किंग, बस स्टैंड, टैक्सी स्टैंड, वर्कशाप, राशन जैसी जरूरी चीजों की दुकानें आदि की जानकारी समेत विभिन्न अधिकारियों, पुलिस स्टेशन, हेलीपेड आदि के फोन नंबर और उनकी दूरी की जानकारी भी उपलब्ध होगी।
वहीं, यात्री की लोकेशन, वहां के फोन नंबर सहित उपलब्ध होगी। एप सभी सुविधाओं को गूगल मैप के जरिये प्रदर्शित करेगी। एप के जरिये मार्ग बंद होने या लैंडस्लाइड होने पर वैकल्पिक मार्ग की जानकारी भी मिलेगी।
एप के ‘अपडेट’ विकल्प के माध्यम से यात्री को मौसम एवं रास्तों की ताजा स्थिति से भी अवगत कराया जाएगा। बताया गया कि एप को तैयार करने में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट मंगेश का अहम योगदान रहा है।