देहरादून। समाज कल्याण निदेशालय में अधिकारियों की कमी है। इस कमी को दूर करने के लिए सेवा स्थानांतरण से पदों को भरने की तैयारी है। इसके लिए समाज कल्याण विभाग ने इच्छुक अधिकारियों से आवेदन मांगे हैं।
समाज कल्याण निदेशालय में लंबे समय से अधिकारियों की कमी बनी हुई है। ऐसे में कामकाज को और बेहतर करने के लिए शासन ने सेवा स्थानांतरण के माध्यम से अधिकारियों को तैनात करने का फैसला किया है। इसके तहत दो अपर निदेशक और एक संयुक्त निदेशक स्तर के पद के लिए 30 नवंबर तक आवेदन मांगा गया है। इसमें कहा गया है कि सेवा स्थानांतरण प्रदेश के विभागों में कार्यरत अधिकारियों (अभियांत्रिकी व शिक्षा विभाग को छोड़कर) के ही आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। समाज कल्याण सचिव श्रीधर बाबू अद्दांकी का कहना है कि विभाग में अधिकारियों की कमी को सेवा स्थानांतरण के माध्यम से दूर करने के लिए प्रक्रिया को शुरू किया गया है। ब्यूरो