अगर आपने गलती से भी यहां दुकानदार से सामान के बाद बिल मांग लिया तो दुकानदार आपकी धुनाई कर सकते हैं। जी हां कुछ ऐसा ही पहाडों की रानी मसूरी सड़क पर इन दिनों हो रहा है।
मसूरी-देहरादून मार्ग पर भट्टा गांव में एक दुकानदार ने सहारनपुर से आए एक पर्यटक से प्रिंट रेट से अधिक कीमत पर कोल्ड ड्रिंक बेची।
यह देखकर जागरुक ग्राहक ने दुकानदार से बिल मांगा, लेकिन दुकानदार ने बिल देने के बजाय पर्यटक से मारपीट पर उतारू हो गया।
वकील के साथ हुई हाथापाई
मौके पर कुछ अन्य पर्यटक भी वहां पहुंचे गए। बताया जाता है कि स्थानीय व्यापारियों ने वकील के साथ हाथापाई भी की। हालांकि पुलिस मारपीट से इंकार कर रही है। नगर में हर रोज ऐसी घटनाएं होती हैं। जिससे सैलानियों का विश्वास भी कम होता जा रहा है।
पुलिस नहीं गंभीर
पुलिस और प्रशासन ऐसी घटनाओं को गंभीरता से भी नही ले रहा है। पुलिस अक्सर स्थानीय लोगों के बचाव में आ जाती है। जिससे पर्यटन व्यवसाय पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
बिल मांगने पर मारने दौड़ा
रविवार सुबह सहारनपुर के एक वकील सपरिवार धूमने के बाद वापिस लौट रहा था। वकील ने भट्टा गांव में रमन पुंडीर जनरल स्टोर से कोल्ड ड्रिंक खरीदी। दुकान में नेपाली नौकर मंगल ने कोल्ड ड्रिंक की बोतल प्रिंट रेट से पांच रूपये अधिक कीमत वसूली।
इस पर पर्यटक ने बिल मांगा तो देने से मना कर दिया। प्रभारी कोतवाल आरपी सती ने बताया कि पर्यटक ने मसूरी पुलिस को फोन पर सूचना दी। मयफोर्स कोतवाल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पूछताछ के लिए व्यापारियों को हिरासत में लिया है। वकील ने सोमवार को तहरीर देने को कहा है।
बहुत पहले से आ रही शिकायत
मसूरी-देहरादून मार्ग पर लगे खोखे और खोमचों पर हर चीज प्रिंट रेट से अधिक दाम में बिकती है। मसूरी झील की एंट्री प्वांइट पर एक दुकानदार कोल्ड डि्रंक से लेकर हर चीज प्रिंट रेट से महंगी बेचता है। तकाजा करने पर धमकी भी देता है।
ऐसी शिकायतें सालों से आ रही है। लेकिन पुलिस और प्रशासन खामोश रहता है। यहां तक कि इन दुकानों पर बिक्री और संबंधित विभाग भी कार्रवाई नही करता है। कुछ लोगों कहना है कि इन खोखों में नकली सामान असली दाम से भी अधिक कीमत पर बेचा जाता है।