डाकपत्थर में शमशान घाट के पास से मिला शिवलिंग।
- फोटो : VIKAS NAGAR
विकासनगर। डाकपत्थर बैराज स्थित शमशान घाट के पास से एक अष्टधातु का शिवलिंग मिलने से क्षेत्रीय लोगों में कौतहूल मच गया। फिलहाल क्षेत्रीय लोगों ने शिवलिंग को डाकपत्थर बैराज के बोट पार्क में रख दिया है। देखने में यह शिवलिंग काफी पुराना प्रतीत होता है। शिवलिंग को देखने के लिए दूर-दूर से लोग डाकपत्थर स्थित पार्क में आने लगे हैं। संभावना जताई जा रही है कि शिवलिंग टौंस नदी में आई बाढ़ के बाद या तो पहाड़ी क्षेत्र से बहकर नीचे आया है। या फिर पानी के तेज बहाव के कारण मिट्टी के कटाव से बाहर निकला है। क्षेत्रीय लोगों ने शिवलिंग प्राप्त होने की जानकारी फिलहाल तहसील प्रशासन को दे दी है।
जानकारी के अनुसार दोपहर को शमशान घाट के पास नदी में गए कुछ लोगों ने शिवलिंग को नदी किनारे पड़ा हुआ देखा। जिसके बाद लोग इस शिवलिंग को उठा कर डाकपत्थर बैराज पार्क ले आए। अधीक्षण पुरातत्वविद् आरके पटेल ने बताया कि शिवलिंग कितना पुराना है। इस बारे में शिवलिंग का निरीक्षण करने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।