मेडिकल कॉलेजों में पांच गुना तक फीस बढ़ोतरी के खिलाफ मंगलवार को देहरादून के एसजीआरआर में एमबीबीएस के छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा।
छात्र धरने पर बैठ गए हैं और फीस बढ़ोतरी के खिलाफ नारेबाजी करते रहे। छात्रों ने कॉलेज प्रशासन और सरकार के खिलाफ आंदोलन शुरू कर दिया। छात्र फीस बढ़ोत्तरी वापस लेने की मांग कर रहे हैं।
बता दें कि सरकार ने हाल ही में कैबिनेट बैठक में निजी मेडिकल कॉलेजों को स्टेट कोटे की सीटों पर फीस तय करने का अधिकार दे दिया। छात्रों के अनुसार अब इन कॉलेजों ने मनमानी करते हुए फीस चार से पांच गुना बढ़ा दी है। इसके बाद छात्र परेशान हैं। इसका सीधा असर गरीब और मध्यम वर्ग के छात्रों पर पड़ा है।
इसके अंतर्गत देहरादून में स्वामी राम हिमालयन यूनिवर्सिटी का हिमालयन मेडिकल कॉलेज, एसजीआरआर यूनिवर्सिटी का एसजीआरआर मेडिकल कॉलेज और सुभारती यूनिवर्सिटी का सुभारती मेडिकल कॉलेज शामिल है। जिन्होंने स्टेट कोटे की फीस बढ़ाई है।