क्षेत्र की एक युवती ने सीआरपीएफ कर्मी पर शादी का झांसा देकर यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। युवती ने सीआरपीएफ के कमांडर एवं पुलिस अधिकारियों को शिकायती पत्र भेजकर उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। युवती 14 जनवरी से नानकमत्ता थाने के चक्कर लगा रही है। उसने नानकमत्ता थाने में तैनात महिला दरोगा पर मामले में समझौते के लिए दबाव बनाने का भी आरोप लगाया है।
नानकमत्ता क्षेत्र की युवती ने जम्मू स्थित सीआरपीएफ की 28वीं बटालियन के कमांडर को भेजे शिकायती पत्र में कहा कि मझोला निवासी 28 वर्षीय युवक श्रीनगर-जम्मू में तैनात है। युवक से उसकी मुलाकात 2016 में नानकमत्ता में एक शादी में हुई थी। आरोप लगाया कि साल 2017 में युवक जब छुट्टी के बाद घर आया तो उसने नानकमत्ता के गेस्ट हाउस में उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए।
बताया कि युवक जब भी छुट्टियों में घर आता तो उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाता। जब वह गर्भवती हो गई तो युवक ने उसे खटीमा के एक अस्पताल ले जाकर जबरन गर्भपात कराया। पीड़िता का कहना है कि युवक अब शादी करने से मुकर रहा है। इसके साथ ही वह उसे और उसके परिवार वालों को जान से मारने की धमकी दे रहा है। उसने महिला आयोग की पूर्व उपाध्यक्ष अमिता लोहनी से भी गुहार लगाई। उन्होंने पीड़िता को न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया है।
आठ मार्च को होनी है युवक की शादी
पीड़िता के अनुसार, उसने युवक के पिता को फोन किया था। युवक के पिता ने बताया कि लोहाघाट की युवती से उनके बेटे की शादी आठ मार्च को रखी गई है।