अभी मुझे लिखित में निलंबन का आदेश नहीं मिला है। शासन के समक्ष अपना पक्ष रखूंगा। शपथ ग्रहण से पूर्व रामलीला मैदान में जमा कूड़े को बड़कोट डंपिंग जोन में फिंकवाने के आदेश दिए गए थे। किस वजह से यह कूड़ा रास्ते में ही फेंका गया और इसके लिए कौन जिम्मेदार है, यह जांच में सामने आ जाएगा।
- सुशील कुरील, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका, बाड़ाहाट उत्तरकाशी
शपथ ग्रहण से पूर्व तक पालिका में प्रशासक तैनात थे। ऐसे में कूड़े का निस्तारण प्रशासक की जिम्मेदारी थी। बार-बार मांग करने पर भी प्रशासन कूड़ा डंपिंग जोन के लिए जमीन उपलब्ध नहीं करा पाया है। ऐसे में अधिशासी अधिकारी को एकतरफा निलंबित किया जाना हैरान करता है। जिला प्रशासन अपनी जिम्मेदारी से बचने की कोशिश कर रहा है।
-रमेश सेमवाल, अध्यक्ष नगर पालिका बाड़ाहाट उत्तरकाशी
कूड़ा गंगा-भागीरथी के किनारे फेंके जाने को लेकर चल रहे विवाद के बीच ट्रंचिंग ग्राउंड के लिए जमीन की तलाश ठंडे बस्ते में है। हाईकोर्ट की ओर से तेखला गदेरे में कूड़ा डालने पर रोक लगाने को एक माह से अधिक समय बीतने पर भी जमीन नहीं तलाशी जा सकी है। ऐसे में नगर से रोजाना निकल रहा टनों कूड़ा रामलीला मैदान में डंप लिया जा रहा है। इससे उठती दुर्गंध और कीट पतंगों के कारण नगरवासियों का जीना दूभर हो गया है। सब्जी मंडी के निकट कूड़े के ढेर लगे होने से सब्जियों के माध्यम से संक्रमण का खतरा भी बढ़ गया है। इसे लेकर पालिका और जिला प्रशासन के अधिकारियों के पास कोई संतोषजनक जवाब नहीं है।