देहरादून में सीवर लाइन डालने के लिए बेतरतीब तरीके से की जा रही खुदाई से जनता परेशानी में है। सीवरेज सुविधा तो जब मिलेगी तब, वर्तमान में कई क्षेत्रों में पेयजल सिस्टम ठप हो गया है।
सीवर लाइन खुदाई के दौरान टूटी पेयजल लाइनों को पेयजल निगम ठीक नहीं करवा रहा जिससे परेशान लोगों को अपने खर्चे पर टैंकर मंगाकर पानी की व्यवस्था करनी पड़ रही है। कुछ लोग आसपास के हैंडपंप से पानी ढोकर काम चला रहे हैं। जगह-जगह खुदाई से टूटी पेयजल लाइनों के बाद पानी के संकट से जूझ रहे कई क्षेत्रों का अमर उजाला के रिपोर्टर और फोटोग्राफर ने हाल जाना है।
ब्रह्मपुरी वार्ड - सीवर कार्यों की वजह से आए दिन यहां पानी की लाइन टूट रही है। एडीबी की ओर से जब लाइन नहीं जोड़ी जा रही है तो जल संस्थान में शिकायत कर रहे हैं। लोगों के पूरे के पूरे कनेक्शन उखड़ गए हैं, इसके बावजूद काम सही तरीके से नहीं किए जा रहे हैं। पतली-पतली गलियों में भी जेसीबी से काम किया जा रहा है, जिससे घरों की दीवारें तक हिल जा रही हैं। - सतीश कश्यप, स्थानीय पार्षद
नेमी रोड - दस दिनों से पानी नहीं है। वजह पेयजल निगम की ओर से सीवर लाइन के लिए कराई गई खुदाई है। सीवर लाइन की खुदाई इस तरह से की गई कि पानी का पूरा सिस्टम ही हिल गया। पेयजल निगम के अधिकारियों से शिकायत की गई तब भी लाइन सही नहीं की गई। प्राइवेट प्लंबर ने तीन-तीन हजार रुपये मांगे। फिलहाल लोग पानी खरीदकर काम चला रहे हैं। उम्मीद है कि लाइन ठीक होगी। - शीतल मिश्रा, क्षेत्रवासी
चकराता रोड - एडीबी की ओर से सीवर लाइन कार्य किए जा रहे हैं। इस काम की वजह से लोगों को एक ओर पानी की किल्लत झेलनी पड़ रही है तो दूसरी ओर रोड पर लग रहा जाम। यहां सबसे अधिक पानी की दिक्कत राजकीय प्राथमिक विद्यालय चुक्खूवाला को हो रही है। चकराता रोड पर सीवर लाइन के काम के चलते पानी की लाइन बार-बार टूट रही है। ऐसे में स्कूल के छात्रों को पानी नहीं मिल पा रहा है। - अब्दुल वाजिद, प्रधानाचार्य, चुक्खूवाला विद्यालय
रिस्पना पुल - पेयजल निगम की ओर से सीवर लाइन बिछाए जाने का काम चल रहा है। यहां लोगों को लंबा जाम भी झेलना पड़ रहा है। इसके साथ ही पानी की लाइन जगह-जगह से टूट गई है। आसपास के लोगों को पानी नहीं मिल पा रहा है। परेशान लोग जल संस्थान में फोन करते हैं तो टैंकर भेज दिए जाते हैं। - मोहित, निवासी सारथी विहार