उत्तराखंड डाक परिमंडल की ओर से आयोजित 39वीं अखिल भारतीय डाक बैडमिंटन प्रतियोगिता के चौथे दिन रोमांचक सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए। इन मुकाबलों में देशभर के विभिन्न डाक परिमंडलों के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। कई वर्गों के खिलाड़ी फाइनल में अपनी जगह बनाने में सफल रहे।
पुरुष एकल के सेमीफाइनल में महाराष्ट्र के अजय कैथ और उत्तराखंड के अमित शर्मा ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर फाइनल में जगह बनाई। महिला एकल में पश्चिम बंगाल की अनुरिया दास और कर्नाटक की लीला लक्ष्मी आर ने भी फाइनल में प्रवेश किया। 45 वर्ष से अधिक पुरुष एकल में हिमाचल प्रदेश के विकास सूद और महाराष्ट्र के पराग एकांडे ने जीत दर्ज की। 45 वर्ष से अधिक पुरुष युगल के सेमीफाइनल में जोमोन जॉर्ज व संजीव की जोड़ी विजयी रही। अर्जुन साहू व पराग एकांडे की जोड़ी ने भी फाइनल में जगह बनाई। मिश्रित युगल में रोशन जमीर व सिनिमोल पीएस ने जीत दर्ज की। स्वाधीन गौड़ा व जूही देवांगन प्रसाद की जोड़ी भी फाइनल में पहुंची। वहीं चौथे दिन के मुकाबलों में खिलाड़ियों के बीच कड़ा संघर्ष रहा। यह प्रतियोगिता अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। फाइनल मुकाबलों के लिए खेलप्रेमियों में उत्साह है। उत्तराखंड डाक परिमंडल इस आयोजन के माध्यम से डाक खिलाड़ियों को एक मंच प्रदान कर रहा है।