क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड (सीएयू) की बैठक में वित्तीय प्रबंधन के मसलों पर चर्चा की गई। ईसी रोड स्थित एक होटल में आयोजित बैठक में सीएयू के अध्यक्ष जोत सिंह गुनसोला ने अन्य पदाधिकारियों के साथ वर्ष 2019-20 में बीसीसीआई के घरेलू टूर्नामेंट, ट्रायल में बजट की स्थिति जानी। इस दौरान उन्होंने सपोर्टिंग स्टाफ, अस्थायी कर्मचारियों के वेतन के लिए आवश्यक बजट पर भी जोर दिया। इस संबंध में सर्वसम्मति से कई प्रस्ताव पारित किए गए। वहीं, एसोसिएशन के लिए विशेष कार्यालय की भी जरूरत बताई गई। इसके लिए एसोसिएशन के उपाध्यक्ष संजय रावत व संयुक्त सचिव अवनीश वर्मा की दो सदस्यीय कमेटी गठित की। जिस पर गुनसोला ने कमेटी को तीन दिन के भीतर रिपोर्ट सौंपने को कहा गया। बैठक में सीएयू के सचिव महिम वर्मा, उपाध्यक्ष संजय रावत, कोषाध्यक्ष पृथ्वी सिंह नेगी, संयुक्त सचिव अवनीश वर्मा, काउंसलर दीपक मेहरा उपस्थित रहे।