राजकीय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल में बने बच्चों के अत्याधुनिक आईसीयू (पीडियाट्रिक आईसीयू) में सात और बेड बढ़ाए जाएंगे। इसमें आठ बेड पहले ही बन चुके हैं।
प्रदेश के सबसे बड़े सरकारी अस्पतालों में शुमार राजकीय दून मेडिकल अस्पताल में अब तक बच्चों का आईसीयू नहीं था। इसके कारण आईसीयू की जरूरत पड़ने पर बच्चों को परिजन निजी अस्पतालों में ले जाने को मजबूर होते थे। दून अस्पताल में बन रहे आईसीयू वार्ड के सभी बेड वेंटिलेटर से युक्त होंगे। बेड के पास ही एक्सरे की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। वार्ड में रक्त की जांच और सैंपल एकत्र करने की सुविधा भी होगी। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आशुतोश सयाना ने बताया कि अब तक दून अस्पताल में बच्चों का आईसीयू न होने से परिजन उन्हें निजी अस्पताल ले जाने को मजबूर होते थे।
निजी अस्पतालों में जहां बच्चों के उपचार को एक दिन का शुल्क लगभग 10 हजार रुपये है, वहीं दून अस्पताल में प्रतिदिन का शुल्क लगभग एक हजार रुपये होगा। बीपीएल और आयुष्मान कार्डधारकों के लिए यह निशुल्क होगा। यह आईसीयू वार्ड जल्द ही बनकर तैयार हो जाएगा।