देहरादून। साइबर ठगों ने एक व्यक्ति को कम ब्याज दरों पर लोन दिलाने का झांसा देकर सात लाख रुपये हड़प लिए। इस मामले में साइबर थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। इसके अलावा तीन और मामलों में साइबर थाने में शिकायत की गई है। इन मामलों में भी लोगों से साइबर ठगों ने लाखों रुपये ठग लिए हैं।
साइबर थाने से मिली जानकारी के अनुसार, पिछले दिनों एक महिला को फोन आया था। फोन करने वाले ने खुद को रिलायंस कंपनी का अधिकारी बताया। कहा कि वह तीन प्रतिशत वार्षिक ब्याज दर पर 15 लाख रुपये का लोन दिला देगा। महिला उसके झांसे में आ गई। उसने कभी किसी शुल्क तो कभी किसी टैक्स के नाम पर महिला से कई बार में सात लाख रुपये हड़प लिए।
--------------------
परिचित बनकर ठगे 75 हजार
एक व्यक्ति को अज्ञात नंबर से फोन आया और कहा कि उसकी गूगल पे की लिमिट खत्म हो गई है। लिहाजा वह उसे 25 हजार रुपये भेज दे। इसके लिए उसने एक क्यूआर कोड भेजा। मदद के नाम पर व्यक्ति ने उस कोड को स्कैन किया और खाते से 25 हजार रुपये कट गए। इसी तरह उसने तीन बार में 75 हजार रुपये व्यक्ति के खाते से उड़ा लिए। साइबर थाने की संस्तुति के बाद आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
-------------------
विदेश से पार्सल भेजने के नाम पर एक लाख ठगे
राजपुर रोड निवासी महिला ने साइबर थाने को शिकायत की है। बताया कि कुछ दिन पहले फेसबुक पर उसकी दोस्ती कथित रूप से इंग्लैंड निवासी एक व्यक्ति से हुई थी। उस व्यक्ति ने कुछ दिन बाद कहा कि वह एक पार्सल भेज रहा है। इसके बाद इस पार्सल के कस्टम में अटकने और फिर उसे छुड़ाने के नाम पर कई बार में उससे एक लाख रुपये अपने खातों में जमा करा लिए।
----------------
महिला से ठगे 1.61 लाख रुपये वापस कराए
एक महिला को फर्जी बैंक अधिकारियों का फोन आया और उन्होंने बातों-बातों में महिला से क्रेडिट कार्ड की जानकारी ले ली। कुछ देर में ओटीपी भी पूछ लिया। इसके बाद महिला के कार्ड से 1.61 लाख रुपये की खरीदारी कर डाली। साइबर थाने ने मामले में जांच की तो यह सारी राशि महिला को वापस करा दी। महिला ने साइबर थाना पुलिस की प्रशंसा की है।