उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण ने केदारनाथ धाम की यात्रा के लिए हेली सेवा के अंतर्गत सात कंपनियों को अनुमति दी है। इसके साथ ही हेली सेवाओं के लिए यात्री किराया भी तय कर दिया गया है। एक तरफ का यात्री किराया अलग-अलग जगह से अलग-अलग तय किया गया है। इस क्रम में 2470 से लेकर 4276 रुपये तक का यात्री किराया तय किया गया है। प्राधिकरण ने यात्रियों से अपील की है कि वह निर्धारित किराये से अधिक का भुगतान किसी भी रूप में न करें।
उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी आर राजेश कुमार के अनुसार, वर्तमान में जारी केदारनाथ यात्रा के लिए हेली सेवा के अंतर्गत कुल सात कंपनियों को अभी तक अनुमति दी गई है। ये कंपनियां सिरसी रूट के अंतर्गत मै. हिमालयन हेली सर्विस प्रा.लि., फाटा रूट के अंतर्गत मै. पवनहंस लि.ए मै.यू.टी. एयर इंडिया प्रा.लि., मै. थम्बी एविएशन प्रा. लि., मै. इंडोकॉप्टर प्रा.लि. तथा गुप्तकाशी रूट के अंतर्गत मै. आर्यन एविएशन प्रा.लि. एवं मै. ऐरो एविएशन है।
उन्होंने बताया कि सिरसी से 2470, फाटा से 2399, गुप्तकाशी से 4275 रुपये हेली सेवा का किराया तय किया गया है। उन्होंने सभी तीर्थ यात्रियों को सूचित किया कि वे टिकट लेते समय दलालों और ठगों से सावधान रहें। किसी को भी निर्धारित किराये से अधिक भुगतान न करें। अधिक किराया मांगे जाने पर स्थानीय पुलिस प्रशासन से संपर्क करें।